Uma Bharti Statement: चुनाव लड़ने को लेकर उमा भारती की दो टूक, बोलीं- किसी की औकात नहीं कि मुझे टिकट दे, यूपी चुनाव को लेकर किया बड़ा दावा

ग्वालियर। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री उमा भारती ने एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज में बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। चुनाव लड़ने और टिकट मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना है या नहीं, इसका फैसला वे खुद करती हैं। किसी की औकात नहीं है कि उन्हें टिकट दे। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उमा भारती ने शराब नीति को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की, वहीं जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए।
चुनाव लड़ने का फैसला मैं खुद करती हूं
वृंदावन से भोपाल जा रहीं उमा भारती ने ग्वालियर में मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी राजनीतिक भविष्य की योजनाओं को लेकर खुलकर बात की।
चुनाव में टिकट मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने का निर्णय उनका स्वयं का होता है। किसी की इतनी औकात नहीं है कि वह उन्हें टिकट दे। उनके इस बयान के बाद प्रदेश में सियासी हलचल बढ़ सकती है।
यूपी में भाजपा जीती तो 20 साल तक बाकी दलों का हो जाएगा सफाया
उमा भारती ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर भी निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि यदि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है तो अगले 20 साल तक प्रदेश से बाकी राजनीतिक दलों का सफाया हो जाएगा।
शराब नीति को लेकर शिवराज सिंह चौहान की तारीफ
मध्य प्रदेश में शराबबंदी की पैरवी करती रहीं उमा भारती ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में बनाई गई शराब नीति की जमकर सराहना की।
उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने शराब को लेकर बहुत अच्छी नीति बनाई थी। उस नीति के प्रत्येक बिंदु पर उनकी पूरी सहमति थी।
हालांकि, उन्होंने शराबबंदी के मामले में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सरपंच से लेकर विधायक और सांसद तक किसी भी जनप्रतिनिधि ने इस मामले में अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से नहीं निभाई।
हर जगह 24 घंटे निगरानी नहीं कर सकती पुलिस
उमा भारती ने कहा कि पुलिस हर स्थान पर चौबीसों घंटे निगरानी नहीं कर सकती। जहां कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बनती है, वहां पुलिस हस्तक्षेप करती है।
शराब नीति को प्रभावी बनाने के लिए लगातार निगरानी जरूरी है। इसकी जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों को निभानी होगी। जब तक जनप्रतिनिधि अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से नहीं निभाएंगे, तब तक अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आएंगे।
रास्ते में बिगड़ी तबीयत, ट्रेन से भोपाल जाने का लिया फैसला
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती वृंदावन से सड़क मार्ग के जरिए भोपाल के लिए रवाना हुई थीं। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई, जिसके चलते उन्हें ग्वालियर में रुकना पड़ा।
इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग से यात्रा जारी रखने के बजाय ट्रेन से भोपाल जाने का निर्णय लिया। इसी दौरान ग्वालियर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राजनीतिक मुद्दों और शराब नीति को लेकर अपनी बात रखी।





