Anuppur Road Accident: अनूपपुर में खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, आर्मी जवान समेत तीन की मौत, मृतकों में दो सगे भाई शामिल

Anuppur Road Accident: अनूपपुर में खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, आर्मी जवान समेत तीन की मौत, मृतकों में दो सगे भाई शामिल
अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में आर्मी जवान समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मृतकों में दो सगे भाई दीनबंधु विश्वकर्मा और विनीत विश्वकर्मा के अलावा बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम शामिल हैं। विनीत आर्मी में जवान था और अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर लौट रहा था। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सुबह चार बजे हुआ हादसा, गाड़ी में फंस गए तीनों मृतक
हादसा सोमवार सुबह करीब चार बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के छूलहा गांव के पास हुआ। बोलेरो सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों मृतक वाहन में ही फंस गए।
मृतकों की पहचान दीनबंधु विश्वकर्मा (36), विनीत विश्वकर्मा (26) और धनगवां निवासी मोहम्मद करीम (32) के रूप में हुई है।
वहीं, धनगवां निवासी राजू तिवारी (30), पिता सुरेश तिवारी, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
दोस्त की शादी में शामिल होने छुट्टी लेकर आया था आर्मी जवान
मृतक विनीत विश्वकर्मा के पिता जयकरण विश्वकर्मा ने बताया कि उनका सबसे छोटा बेटा विनीत आर्मी में जवान था। वह छत्तीसगढ़ के रायपुर में होने वाली अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आ रहा था।
विनीत सोमवार तड़के करीब तीन बजे ट्रेन से पहुंचा था। इसके बाद वह अपने बड़े भाई दीनबंधु और दोस्त राजू तिवारी के साथ बोलेरो से घर लौट रहा था। इसी दौरान छूलहा गांव के पास हादसा हो गया।
पिता के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिस ने उन्हें हादसे की सूचना दी। इसके बाद परिवार के सदस्य घटनास्थल और जिला अस्पताल पहुंचे।
एक ही हादसे में परिवार ने खो दिए दो बेटे
जयकरण विश्वकर्मा लोहारी का काम करते हैं। उनका सबसे बड़ा बेटा कियोस्क सेंटर चलाता है, जबकि दीनबंधु पंचायत में सेल्समैन था। सबसे छोटा बेटा विनीत सेना में सेवाएं दे रहा था।
एक ही सड़क हादसे में दो बेटों की मौत से परिवार में मातम पसर गया है। जिस बेटे के छुट्टी पर घर आने का परिवार इंतजार कर रहा था, उसके साथ बड़े बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।
बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम की भी मौत
हादसे में बोलेरो मालिक मोहम्मद करीम की भी जान चली गई। करीम का परिवार मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है। उनकी जैतहरी में टायर रिपेयरिंग की दुकान थी।
करीम के पिता एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार गए हुए हैं। परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। करीम की अभी शादी नहीं हुई थी।
गंभीर रूप से घायल युवक शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो में सवार सभी लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल राजू तिवारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं। पुलिस सहायता केंद्र में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम की तैयारी भी शुरू कर दी है।
ट्रक का रिफ्लेक्टर बंद था, पुलिस दर्ज करेगी एफआईआर
अनूपपुर कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार साहू के मुताबिक, सड़क किनारे खड़े ट्रक का रिफ्लेक्टर काम नहीं कर रहा था।
उन्होंने बताया कि मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों की पार्किंग को लेकर सुप्रीम कोर्ट दे चुका है निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने 13 अप्रैल को सड़क हादसों की रोकथाम के लिए कई अंतरिम निर्देश जारी किए थे। इनमें नेशनल हाईवे की मुख्य सड़क और उसके पक्के किनारों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे।
ऐसे वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों और सड़क किनारे विशेष रूप से विकसित सुविधाओं वाले स्थानों पर खड़ा करने की अनुमति देने की बात कही गई थी।
इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनकी सूची जारी करने के निर्देश भी दिए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा था कि राष्ट्रीय राजमार्ग देश की कुल सड़क लंबाई का करीब दो प्रतिशत हैं, लेकिन सड़क हादसों में होने वाली कुल मौतों में इनकी हिस्सेदारी लगभग 30 प्रतिशत है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →