MP DGP Extension: डीजीपी कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी, राज्य सरकार ने केंद्र को भेजा पत्र, नए डीजीपी की नियुक्ति टलने की संभावना

MP DGP Extension: डीजीपी कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी, राज्य सरकार ने केंद्र को भेजा पत्र, नए डीजीपी की नियुक्ति टलने की संभावना

भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी है। राज्य सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार को आधिकारिक पत्र भेज दिया है। अब केंद्र सरकार की मंजूरी और औपचारिक आदेश का इंतजार है। कैलाश मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यदि उन्हें तीन महीने का सेवा विस्तार मिलता है तो प्रदेश में नए डीजीपी की नियुक्ति फिलहाल टल सकती है। खास बात यह है कि नए डीजीपी के चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों का पैनल भी राज्य सरकार को भेज दिया है।

केंद्र सरकार को भेजा सेवा विस्तार का प्रस्ताव

राज्य सरकार ने डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, अभी तक केंद्र की ओर से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

यदि केंद्र सरकार सेवा विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो कैलाश मकवाना फरवरी 2027 के अंत तक प्रदेश के पुलिस महानिदेशक बने रह सकते हैं।

ऐसे में नए डीजीपी की नियुक्ति का फैसला भी आगे बढ़ सकता है।

20 नवंबर को यूपीएससी ने तय किए थे तीन नाम

मध्य प्रदेश के नए डीजीपी के चयन के लिए 20 नवंबर को नई दिल्ली में यूपीएससी की एम्पैनलमेंट कमेटी की बैठक हुई थी।

इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विचार करने के बाद 1991 बैच के तीन आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार किया गया था।

पैनल में विशेष डीजी वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।

यूपीएससी की ओर से तैयार किए गए इस पैनल में से किसी एक अधिकारी को राज्य सरकार को प्रदेश का नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त करना था।

12 आईपीएस अधिकारियों के नाम भेजे थे सरकार ने

नए डीजीपी के चयन के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने वरिष्ठता के आधार पर 12 आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे थे।

इनमें विशेष पुलिस महानिदेशक जी. अखेतो सेमा का नाम भी शामिल था। हालांकि, उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए चयन प्रक्रिया से अपना नाम वापस लेने के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा था।

इसके बाद यूपीएससी की बैठक में शेष 11 आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया था। इनमें से तीन अधिकारियों के नामों का अंतिम पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया।

अब केंद्र सरकार के फैसले पर टिकीं निगाहें

नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए यूपीएससी से पैनल मिलने के बाद माना जा रहा था कि राज्य सरकार जल्द ही किसी एक अधिकारी के नाम पर मुहर लगाएगी।

इसी बीच कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी ने नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है।

मकवाना की सेवानिवृत्ति में अब महज सात दिन बाकी हैं। ऐसे में पुलिस मुख्यालय से लेकर मंत्रालय तक सभी की निगाहें केंद्र सरकार के फैसले पर टिकी हुई हैं।

फिलहाल सेवा विस्तार का आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा कि कैलाश मकवाना प्रदेश के डीजीपी बने रहेंगे या राज्य सरकार यूपीएससी के पैनल में शामिल किसी अधिकारी को पुलिस महकमे की कमान सौंपेगी।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →