Balaghat Girls Hostel News: भूत-प्रेत के डर से 50 में से 35 छात्राओं ने छोड़ा हॉस्टल, तंत्र-मंत्र कराने का भी दावा, प्राचार्य ने किया इनकार

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर स्थित आमगांव के सांदीपनि स्कूल के बालिका छात्रावास में भूत-प्रेत का डर फैलने का मामला सामने आया है। छात्राओं का दावा है कि पिछले कुछ समय से हॉस्टल में अजीब घटनाएं हो रही हैं। इसके चलते छात्रावास में रहने वाली 50 में से 35 छात्राएं अपने घर लौट गई हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्राएं रात के समय बैग लेकर हॉस्टल से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं। छात्राओं ने हॉस्टल में बैगा पंडा बुलाकर तंत्र-मंत्र कराने का भी दावा किया है। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने इन दावों को खारिज किया है।
छात्राएं बोलीं- रात में सुनाई देती है दरवाजा खटखटाने की आवाज
छात्रावास में रहने वाली कुछ छात्राओं का कहना है कि रात के समय अचानक दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनाई देती है। कई बार उन्हें शरीर में भारीपन महसूस होता है, जिससे वे डर जाती हैं।
छात्राओं ने बताया कि कुछ बच्चियों को बुखार आने और अचानक घबराहट होने जैसी परेशानियां भी हुई हैं। इन घटनाओं के चलते छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राओं के बीच भी डर का माहौल बन गया।
हॉस्टल में बैगा पंडा बुलाकर तंत्र-मंत्र कराने का दावा
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने अपनी परेशानियों की जानकारी स्कूल के प्राचार्य और छात्रावास की अधीक्षिका को दी थी।
छात्राओं ने दावा किया कि इसके बाद छात्रावास में बैगा पंडा बुलाकर झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र कराया गया। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने इस तरह की किसी भी गतिविधि से इनकार किया है।
50 में से 35 छात्राएं लौटीं घर
छात्रावास में रहने वाली कुल 50 छात्राओं में से 35 अपने घर लौट गई हैं। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल में डर और परेशानियों के चलते उन्होंने घर जाने का फैसला किया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई छात्राएं रात के समय अपना सामान और बैग लेकर छात्रावास से बाहर निकलती दिखाई दे रही हैं।
प्राचार्य बोले- त्योहार और पूजा के लिए घर गई हैं छात्राएं
स्कूल के प्राचार्य डीएस वाड़िवे ने छात्रावास में भूत-प्रेत होने और बैगा पंडा बुलाकर झाड़-फूंक कराने के दावों को खारिज किया है।
उन्होंने कहा कि छात्राओं के परिजन उन्हें त्योहार और पूजा के लिए अपने घर लेकर गए हैं। किसी भी छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर उसे डॉक्टर को दिखाने या अस्पताल ले जाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य ने बताया कि छात्रावास की वॉर्डन ने मामले की जानकारी आदिवासी सहायक आयुक्त को भी दी थी।
एक साथ 35 छात्राओं के जाने पर नहीं मिला स्पष्ट जवाब
जब प्राचार्य से पूछा गया कि आखिर एक साथ इतनी बड़ी संख्या में छात्राएं छात्रावास छोड़कर क्यों चली गईं, तो वे इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
फिलहाल छात्राओं के दावों और स्कूल प्रबंधन के बयानों में विरोधाभास नजर आ रहा है। छात्रावास में भूत-प्रेत या किसी अलौकिक घटना से जुड़े दावों की कोई प्रमाणिक पुष्टि नहीं हुई है। छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और उनके बीच फैले डर के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना जरूरी है।





