Satna Road Accident: सतना में कार और बाइक की भिड़ंत में जीजा-साले समेत तीन की मौत, 100 मीटर तक घसीटने के बाद बिजली के पोल से टकराई कार

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में जीजा-साले समेत तीन युवकों की मौत हो गई। हादसा सभापुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर-कोटर मार्ग पर डोमहाई गांव के पास हुआ। शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों की तेज रफ्तार कार से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
शादी समारोह से लौट रहे थे तीनों युवक
पुलिस के मुताबिक, लौलाच निवासी सत्यनारायण साकेत अपने जीजा हरिलाल हरिजन निवासी पगार और रणधीर सिंह निवासी नई बस्ती कोलगवां के साथ बिरसिंहपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था।
तीनों मंगलवार तड़के करीब चार बजे बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान डोमहाई गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई।
बिजली का खंभा तोड़ने के बाद रुकी कार
टक्कर के बाद कार बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा भी टूट गया। हादसे में हरिलाल और रणधीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यनारायण साकेत गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले साले ने भी तोड़ा दम
गंभीर रूप से घायल सत्यनारायण साकेत को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
हादसे में जीजा-साले समेत तीन युवकों की मौत हो गई।
कार छोड़कर फरार हुए चालक और अन्य सवार
दुर्घटना के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए।
सभापुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार कार चालक और उसमें सवार अन्य लोगों की तलाश कर रही है।





