Rewa School Hostel Student Death: रीवा में छठवीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंका, पिता ने उठाए स्कूल प्रबंधन पर सवाल

Rewa School Hostel Student Death: रीवा में छठवीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंका, पिता ने उठाए स्कूल प्रबंधन पर सवाल

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक निजी स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र सोमवार रात अपने रूम पार्टनर के साथ कमरे में सोया था, लेकिन मंगलवार सुबह नहीं उठा। हॉस्टल प्रबंधन उसे संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। वहीं, मृतक छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस स्कूल प्रबंधन, अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।

हॉस्टल में रहकर छठवीं की पढ़ाई कर रहा था सूर्यांश

मृतक छात्र की पहचान जवा क्षेत्र निवासी सूर्यांश गुप्ता (13) के रूप में हुई है। वह चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित गुरुकुल निजी विद्यालय में कक्षा छठवीं का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

बेटे की अचानक मौत की खबर से पूरा परिवार सदमे में है।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, कार्डियक अरेस्ट की आशंका

संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, छात्र के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती जानकारी में छात्र को पहले से कोई गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने की बात भी सामने नहीं आई है।

डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के आधार पर कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

रात में अन्य बच्चों के साथ किया था भोजन

हॉस्टल के केयरटेकर रावेंद्र सिंह ने बताया कि सूर्यांश सोमवार शाम छह बजे से रात साढ़े आठ बजे तक क्लास में था। इसके बाद उसने अन्य बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया।

रात करीब साढ़े नौ बजे रोजाना की दिनचर्या के अनुसार सभी बच्चों की फोटो ली गई। इसके बाद बच्चे अपने-अपने कमरों में सोने चले गए।

मंगलवार सुबह करीब सात बजे सभी बच्चे उठ गए, लेकिन सूर्यांश नहीं उठा। जब उसे देखने पहुंचे तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। इसके बाद उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पिता बोले- अच्छे निजी अस्पताल में नहीं ले गया प्रबंधन

मृतक छात्र के पिता विनोद गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उनके पास स्कूल प्रबंधन का फोन आया था। उन्हें बताया गया कि बेटे की तबीयत खराब है और उसे संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया है।

विनोद गुप्ता का आरोप है कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बेटे को किसी अच्छे निजी अस्पताल में ले जाने के लिए कहा था। साथ ही खुद भी जल्द पहुंचने की बात कही थी, लेकिन प्रबंधन ने उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया।

जब वे संजय गांधी अस्पताल पहुंचे तो बेटे की मौत हो चुकी थी। पिता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

स्कूल प्रबंधन और परिजनों के बयान दर्ज कर रही पुलिस

चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि मंगलवार सुबह स्पोर्ट्स टीचर हॉस्टल में बच्चों को जगाने पहुंचे थे। इसी दौरान सूर्यांश के नहीं उठने की जानकारी सामने आई।

पुलिस अस्पताल प्रबंधन, स्कूल प्रबंधन और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →