Sagar Alcohol De-addiction Campaign: सागर में शराब का अधिक सेवन करने वालों की सेहत पर प्रशासन की नजर, पांच शहरों में 97 लोगों की स्वास्थ्य जांच और काउंसलिंग

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अत्यधिक और नियमित रूप से शराब का सेवन करने वाले लोगों के स्वास्थ्य को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उनकी काउंसलिंग कर रही है। जिले के पांच शहरों और कस्बों में चलाए गए इस अभियान के तहत अब तक 97 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। उन्हें शराब के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देने के साथ आवश्यक परामर्श भी दिया गया है।
पांच शहरों और कस्बों में चला अभियान
स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सागर शहर के अलावा देवरी, रहली, बीना और खुरई में अभियान चलाया।
इस दौरान अत्यधिक और नियमित रूप से शराब का सेवन करने वाले 97 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। टीम ने संबंधित लोगों को शराब के सेवन से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी दी और आवश्यक समझाइश भी दी।
जरूरत पड़ने पर उपलब्ध कराया जाएगा उपचार
प्रशासन के मुताबिक, इस अभियान का उद्देश्य अत्यधिक शराब का सेवन करने वाले लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से उनकी सेहत की स्थिति का आकलन किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों को उपचार और चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा।
जिले में लगातार जारी रहेगा अभियान
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर शुरू किया गया यह अभियान जिले में आगे भी जारी रहेगा। स्वास्थ्य और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और काउंसलिंग करेगी।
प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशे की आदत छोड़ने के लिए भी प्रेरित किया जाए।





