भोपाल-इंदौर मेट्रो टिकट पर 25% अतिरिक्त छूट, 31 दिसंबर 2026 तक मिलेगा फायदा; ग्रुप टिकट के नियम भी बदले

भोपाल। भोपाल और इंदौर मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) ने टिकट पर अतिरिक्त छूट देने का फैसला किया है। नई व्यवस्था 11 अक्टूबर 2026 से लागू होगी और 31 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके तहत यात्रियों को सिंगल जर्नी टिकट पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट मिलेगी। वहीं, रिटर्न और ग्रुप टिकट पर भी छूट बढ़ाई गई है।
रिटर्न टिकट पर 30%, ग्रुप टिकट पर 35% छूट
मेट्रो कॉर्पोरेशन की नई प्रमोशनल योजना के तहत टिकटों पर मिलने वाली छूट इस प्रकार होगी:
- सिंगल जर्नी टिकट: 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट। हालांकि, 20 रुपये वाले सिंगल जर्नी टिकट पर यह छूट लागू नहीं होगी।
- रिटर्न जर्नी टिकट: पहले मिलने वाली 5 प्रतिशत छूट के मुकाबले अब कुल 30 प्रतिशत छूट।
- ग्रुप टिकट: पहले मिलने वाली 10 प्रतिशत छूट के स्थान पर अब कुल 35 प्रतिशत छूट।
अब 2 यात्री भी ले सकेंगे ग्रुप टिकट
ग्रुप टिकट लेने के नियमों में भी बदलाव किया गया है। पहले इस सुविधा का लाभ लेने के लिए कम से कम 8 यात्रियों का होना जरूरी था। अब केवल 2 यात्री भी ग्रुप टिकट ले सकेंगे। इससे परिवार या दोस्तों के साथ मेट्रो में सफर करने वालों को फायदा मिल सकता है।
ई-वॉलेट बोनस के साथ 44% तक लाभ
मेट्रो के मोबाइल ऐप पर ई-वॉलेट रिचार्ज कराने वाले यात्रियों को पहले से ही रिचार्ज की रकम के हिसाब से बोनस दिया जा रहा है। अब इस सुविधा के साथ नई टिकट छूट का लाभ भी मिल सकेगा। मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, दोनों सुविधाओं को मिलाकर यात्रियों को अधिकतम लगभग 44 प्रतिशत तक फायदा हो सकता है।
ई-वॉलेट रिचार्ज पर मिलने वाला बोनस इस प्रकार है:
- 200 से 499 रुपये तक के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत बोनस।
- 500 से 999 रुपये तक के रिचार्ज पर 10 प्रतिशत बोनस।
- 1,000 से 1,499 रुपये तक के रिचार्ज पर 12 प्रतिशत बोनस।
- 1,500 से 2,000 रुपये तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस।
ऐप से टिकट बुकिंग और कैशलेस भुगतान की सुविधा
भोपाल और इंदौर मेट्रो में यात्री MPMRCL मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट ले सकते हैं। टिकट का भुगतान यूपीआई, क्यूआर कोड और ई-वॉलेट सहित उपलब्ध डिजिटल माध्यमों से किया जा सकता है। ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) प्रणाली के जरिए यात्रियों को टिकटिंग की सुविधा दी जा रही है।
भोपाल-इंदौर मेट्रो का किराया कितना है?
मौजूदा किराया व्यवस्था के अनुसार, 1 से 2 स्टेशन तक सफर के लिए 20 रुपये, 3 से 5 स्टेशन के लिए 30 रुपये और 6 से 8 स्टेशन के लिए 40 रुपये किराया है। पूरे रूट पर अधिकतम किराया 80 रुपये तक है।





