भोपाल: CM मोहन यादव ने सेवा संकल्प अभियान में छोड़े गुब्बारे, बोले- जनसेवा के कार्य निरंतर करने का लें संकल्प

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 अक्टूबर को भोपाल के टीटी नगर स्थित तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ और ‘सेवा-ज्योति’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
रंगोली और मानव श्रृंखला ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विकसित भारत की थीम पर बनाई गई रंगोली का अवलोकन किया। इसमें वैज्ञानिकों की उपलब्धियों, चंद्रयान मिशन और अयोध्या के श्रीराम मंदिर को दर्शाया गया था। विद्यार्थियों ने भारत के नक्शे की आकृति में मानव श्रृंखला भी बनाई। मुख्यमंत्री इस श्रृंखला में शामिल हुए और विद्यार्थियों से संवाद किया।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समाज में सेवा भाव को मजबूत बनाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और सकारात्मकता का प्रसार करने की जरूरत है।
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उनके जन्मोत्सव से लेकर पूरे एक महीने तक सेवा संकल्प अभियान मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों और कार्यकर्ताओं ने सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों का उल्लेख करते हुए उनके प्रति आभार जताया। साथ ही, एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का अभिनंदन किया और युवा प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भारत की आर्थिक उपलब्धियों पर जताया गर्व
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होना महत्वपूर्ण अवसर है और मध्यप्रदेश की ओर से उन्हें बधाई दी।
डॉ. यादव ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। देश की बढ़ती आर्थिक शक्ति और दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उसकी स्थिति गर्व का विषय है।
उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस पावन मंदिर से जनकल्याण और जनसेवा के कार्यों को लगातार आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।
हेमंत खंडेलवाल ने विद्यार्थियों की सराहना की
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ विधायक हेमंत खंडेलवाल ने भी विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत रंगोली और विकसित भारत की परिकल्पना की सराहना की। उन्होंने युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।




