Damoh News: दमोह में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, आंगनबाड़ी केंद्र में मिला शव</span>

Damoh News: दमोह में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, आंगनबाड़ी केंद्र में मिला शव </span>
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के बिसनाखेड़ी गांव में 75 वर्षीय पार्वती लोधी की हत्या का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर उनका शव गांव के एक जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र में मिला। महिला मंगलवार रात देवी पंडाल में पूजा करने गई थीं, लेकिन इसके बाद घर नहीं लौटीं। परिजनों के मुताबिक, उनके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। महिला के गहने और नकदी भी गायब बताए जा रहे हैं।
दूसरे दिन आंगनबाड़ी केंद्र में मिला शव
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात पार्वती लोधी देवी पंडाल से घर नहीं लौटीं तो उनके बेटे हरि सिंह ने तलाश शुरू की। बुधवार शाम परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की। इसी दौरान जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र में उनका शव मिला, जो बोरी से ढका हुआ था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया। गुरुवार सुबह पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। मामले की जांच नोहटा थाना पुलिस कर रही है।
गहने और 10 हजार रुपये गायब होने की बात
परिजनों का कहना है कि पार्वती के पास चांदी की चूड़ियां और एक पर्स था, जिसमें करीब 10 हजार रुपये नकद रखे थे। उनके दामाद हिम्मत सिंह लोधी के मुताबिक, महिला के पास मौजूद गहनों की कीमत करीब 70 से 80 हजार रुपये होने का अनुमान है। घटना के बाद गहने और नकदी नहीं मिले।
परिजनों ने आशंका जताई है कि लूट के इरादे से महिला की हत्या की गई होगी। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
गांव के कुछ लोगों पर परिजनों ने जताया शक
मृतका के दामाद ने गांव के नायक परिवार के कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में कौन शामिल था और हत्या की वजह क्या थी।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद दमोह के पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी अभिषेक पटेल से मामले की जानकारी ली। पुलिस घटनास्थल और परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल, आरोपियों की पहचान और हत्या के कारणों को लेकर जांच जारी है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →