Damoh Crime News: पुराने विवाद में भिड़े दो यादव परिवार, पिपरिया माल गांव में हवाई फायरिंग और पथराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

Damoh Crime News: पुराने विवाद में भिड़े दो यादव परिवार, पिपरिया माल गांव में हवाई फायरिंग और पथराव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया माल में रविवार सुबह दो यादव परिवारों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर भड़क गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट, पथराव और हवाई फायरिंग की बात सामने आई है। घटना में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

एक महीने पुराने विवाद ने फिर पकड़ा तूल

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच करीब एक महीने पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रविवार सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान पथराव और लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने की भी जानकारी मिली है।

घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया

दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल लोगों को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। हालांकि, घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घायलों की कुल संख्या का भी फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है।

एसडीओपी और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी और कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे पुलिस बल के साथ ग्राम पिपरिया माल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद, हवाई फायरिंग और पथराव के मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →