Faggan Singh Kulaste on IAS Laxman Singh Markam: सीनियर आईएएस के बयान पर भड़के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, बोले- सरकार को राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले नौकरशाहों की जरूरत नहीं

Faggan Singh Kulaste on IAS Laxman Singh Markam: सीनियर आईएएस के बयान पर भड़के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, बोले- सरकार को राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले नौकरशाहों की जरूरत नहीं

डिंडौरी। मध्य प्रदेश के मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम और भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। मरकाम के बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने तीखा पलटवार किया है। डिंडौरी में मीडिया से चर्चा करते हुए कुलस्ते ने मरकाम की कार्यशैली और राजनीतिक मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे नौकरशाहों की जरूरत नहीं है, जो राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास करें। कुलस्ते ने इस मामले में मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात भी कही है।

कुलस्ते बोले- तब क्यों नहीं हुई विकास की चिंता?

डिंडौरी पहुंचे सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब लक्ष्मण सिंह मरकाम पिछली सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष सहायक के तौर पर काम कर रहे थे, तब उन्हें मंडला, डिंडौरी और सिवनी के विकास की चिंता क्यों नहीं हुई?

कुलस्ते ने मरकाम के बयान को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि सरकार को राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले नौकरशाहों की जरूरत नहीं है।

मरकाम की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर उठाए सवाल

फग्गन सिंह कुलस्ते ने इशारों में लक्ष्मण सिंह मरकाम की राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मरकाम की बयानबाजी को मंडला लोकसभा सीट से संभावित राजनीतिक दावेदारी से जोड़कर देखा।

हालांकि, मरकाम की ओर से चुनाव लड़ने या राजनीति में आने को लेकर कोई घोषणा किए जाने की जानकारी नहीं है।

कुलस्ते ने सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की बात कही।

मरकाम ने एक दिन पहले साधा था सांसद पर निशाना

दरअसल, मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम एक दिन पहले दो दिवसीय दौरे पर मंडला पहुंचे थे।

यहां आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मंडला लोकसभा क्षेत्र के विकास को लेकर कई सवाल उठाए थे। इस दौरान उन्होंने बिना नाम लिए सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते पर निशाना साधा था।

मरकाम के इसी बयान पर अब कुलस्ते ने तीखा पलटवार किया है।

सियासत से लेकर नौकरशाही तक हलचल

मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के बयान और सत्तारूढ़ दल के वरिष्ठ सांसद के पलटवार के बाद प्रदेश की सियासत और नौकरशाही में हलचल बढ़ गई है।

अब नजर इस बात पर है कि कुलस्ते की आपत्ति पर मुख्यमंत्री का क्या रुख रहता है। वहीं, सांसद द्वारा लगाए गए आरोपों पर आईएएस अधिकारी लक्ष्मण सिंह मरकाम की प्रतिक्रिया फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →