Guna News: गुना में भाभी पर देवर को पिटवाने के लिए 10 से ज्यादा लोगों को बुलाने का आरोप, ग्रामीणों ने 2 को पकड़ा

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र के बमौरी बुजुर्ग गांव में पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि देवर से विवाद होने के बाद उसकी भाभी ने अपने मुंहबोले भाई को बुलाया। वह 10 से ज्यादा लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर गांव पहुंचा और रामदेव लोधा के साथ मारपीट करने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दो आरोपियों को पकड़ लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
सुबह भाभी और देवर के बीच हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह बमौरी बुजुर्ग निवासी रामदेव लोधा का अपनी भाभी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि रात में भाभी ने अपने मुंहबोले भाई को फोन कर बुला लिया। इसके बाद वह 10 से ज्यादा साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर गांव पहुंच गया।
आरोप है कि गांव पहुंचते ही इन लोगों ने रामदेव के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। ग्रामीणों ने हमलावरों को घेर लिया। इस दौरान कई लोग मौके से भाग निकले, जबकि दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने हाथ-पैर बांधकर बैठाया
ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें जमीन पर बैठा दिया। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीण दोनों को पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम गांव पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपियों को छुड़ाकर हिरासत में लिया और थाने ले गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। फिलहाल, विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका जांच के बाद स्पष्ट होगी।





