Gwalior Police Suspension: बंदी को दिल्ली एम्स ले जाने के लिए सुरक्षा गार्ड नहीं देने पर बड़ी कार्रवाई, एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक समेत दो पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) धर्मवीर सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि केंद्रीय जेल में बंद एक बंदी को इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाने के लिए बार-बार पत्राचार किए जाने के बावजूद सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। हाल ही में इस मामले को लेकर हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने गृह और जेल विभाग के बीच आपसी समन्वय की कमी पर नाराजगी जताई थी।
डॉक्टरों ने बंदी को किया था दिल्ली एम्स रेफर
दरअसल, केंद्रीय जेल ग्वालियर में बंद नरहरी पुत्र रामभरोसे को जयारोग्य अस्पताल (JAH) के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मेडिकल जांच और फॉलोअप के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली रेफर किया था।
बंदी को दिल्ली ले जाने के लिए केंद्रीय जेल अधीक्षक की ओर से रक्षित निरीक्षक ग्वालियर को कई बार पत्र भेजकर सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आई लापरवाही
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जेल अधीक्षक की ओर से लगातार पत्राचार किए जाने के बावजूद बंदी को दिल्ली ले जाने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई।
इस मामले में रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक क्रमांक 1723 देवेंद्र भदौरिया की ओर से कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने की बात सामने आई है।
दोनों पुलिसकर्मियों को किया पुलिस लाइन अटैच
प्रारंभिक जांच के आधार पर एसएसपी धर्मवीर सिंह ने रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार और आरक्षक देवेंद्र भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों को पुलिस लाइन ग्वालियर में अटैच किया गया है।
गृह और जेल विभाग को हाईकोर्ट ने लगाई थी फटकार
गौरतलब है कि हाल ही में बंदी के उपचार से जुड़े इस मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने गृह और जेल विभाग के बीच आपसी समन्वय नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई थी।
हाईकोर्ट की नाराजगी के बाद अब ग्वालियर एसएसपी ने दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
विस्तृत जांच में तय होगी जिम्मेदारी
अब मामले की विस्तृत जांच के बाद स्पष्ट होगा कि बंदी को दिल्ली एम्स ले जाने के लिए सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने में किस स्तर पर लापरवाही हुई और इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार है।





