Indore Krishnabagh Colony Bulldozer Action: प्रभावित परिवारों से मिले जीतू पटवारी, बोले- सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस, कलेक्टर कार्यालय के घेराव की तैयारी

Indore Krishnabagh Colony Bulldozer Action: प्रभावित परिवारों से मिले जीतू पटवारी, बोले- सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेगी कांग्रेस, कलेक्टर कार्यालय के घेराव की तैयारी

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कृष्णबाग कॉलोनी पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने रहवासियों से पूरे मामले की जानकारी लेते हुए भरोसा दिलाया कि कांग्रेस उनकी लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी। इसके लिए वरिष्ठ वकीलों की मदद भी ली जाएगी। पटवारी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों को प्रभावित परिवारों के समर्थन में बड़ा आंदोलन करने के निर्देश भी दिए हैं।

पटवारी ने पूछा- जब कॉलोनी बन रही थी, तब कहां थे अफसर?

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अवैध कॉलोनी विकसित हो रही थी, तब अधिकारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की?

लोगों ने यहां प्लॉट खरीदे, उनके मकानों की रजिस्ट्री है और बैंकों ने भी कर्ज दिया है। इसके बावजूद उनके मकान अवैध कैसे हो गए?

पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में भूमाफिया पनप रहे हैं, जबकि कार्रवाई का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

अफसरों ने मकान नहीं, लोगों का भविष्य बर्बाद किया

जीतू पटवारी ने कहा कि जिन लोगों के मकान तोड़े गए हैं, उनमें कोई सिलाई का काम करता है तो कोई मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने सिर्फ मकान नहीं तोड़े हैं, बल्कि उनमें रहने वाले लोगों का भविष्य भी बर्बाद कर दिया है।

पटवारी ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस कानूनी लड़ाई में उनका साथ देगी और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएगी।

भाजपा के विधायकों और नगर निगम परिषद पर साधा निशाना

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इंदौर के भाजपा विधायकों और नगर निगम परिषद पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि इंदौर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं। पिछले 25 वर्षों से नगर निगम में भाजपा की परिषद है। इसके बावजूद जनता परेशान है।

पटवारी ने सवाल उठाया कि प्रभावित परिवारों के समर्थन में भाजपा के जनप्रतिनिधि क्यों नहीं खड़े हो रहे हैं।

दो-तीन दिन में कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आंदोलन की रणनीति तैयार की है।

कांग्रेस अगले दो-तीन दिनों में कृष्णबाग कॉलोनी के प्रभावित परिवारों के समर्थन में बड़ा आंदोलन करेगी। इसके तहत कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

इस आंदोलन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कृष्णबाग कॉलोनी के प्रभावित रहवासी भी शामिल होंगे।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →