Khandwa Road Accident: किसान की मौत के बाद पुलिस का एक्शन, कट मारने वाला बाइक सवार भी जांच के दायरे में, शाम को हटाया अतिक्रमण सुबह फिर सड़क पर कब्जा

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में पंधाना रोड पर बुधवार दोपहर हुए सड़क हादसे में किसान मुकेश पटेल की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के साथ उस बाइक सवार की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है, जिसके कट मारने से मुकेश पटेल सड़क पर गिर गए थे। इसके बाद वे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद पुलिस और नगर निगम ने सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की, लेकिन अगले ही दिन हालात फिर पहले जैसे हो गए।
बाइक सवार के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि किसान मुकेश पटेल की मौत के मामले में ट्रैक्टर चालक को आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही उस बाइक सवार की भूमिका की भी जांच की जा रही है, जिसके कट मारने से हादसा होने की बात सामने आई है।
13 वाहनों के काटे चालान, 16 हजार रुपए का जुर्माना
हादसे के बाद यातायात थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह परिहार भी मौके पर पहुंचे। सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग को देखते हुए नगर निगम की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
नो पार्किंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 13 वाहनों के चालान काटकर 16 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई की।
शाम को हटाया अतिक्रमण, सुबह फिर सड़क पर कब्जा
प्रशासन की कार्रवाई का असर कुछ घंटों तक ही नजर आया। शाम को जिस सड़क से अतिक्रमण हटाया गया था, अगले दिन सुबह होते ही दुकानदारों ने फिर सड़क किनारे अपना सामान जमा लिया।
इसके चलते सड़क एक बार फिर संकरी हो गई और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होने लगी।
स्थायी कार्रवाई कब करेगा प्रशासन?
किसान की मौत के बाद हुई कार्रवाई और कुछ ही घंटों में दोबारा अतिक्रमण होने से प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
सवाल यह है कि सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल हादसों के बाद ही होगी या प्रशासन इसके लिए कोई स्थायी व्यवस्था भी बनाएगा। सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।





