Khategaon Crime: नाबालिग का अपहरण कर जंगल ले जाने का आरोप, दुष्कर्म के बाद आरोपी फरार; POCSO में केस दर्ज

Khategaon Crime: नाबालिग का अपहरण कर जंगल ले जाने का आरोप, दुष्कर्म के बाद आरोपी फरार; POCSO में केस दर्ज

खातेगांव (देवास)। मध्य प्रदेश के खातेगांव से नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवक नाबालिग को जबरन बाइक पर बैठाकर घने जंगल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के करीब 48 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। मामला नेमावर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, पड़ोसी जिले सीहोर की भेरूंदा तहसील के ग्राम बगवाड़ा निवासी संदीप पंवार और उसके एक साथी पर नाबालिग को आधी रात जबरन ले जाने का आरोप है। आरोप है कि दोनों उसे खिड़किया और नारायणपुरा के जंगल क्षेत्र में ले गए। वहां रातभर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग पर शादी के लिए दबाव बनाया और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि सुबह आरोपी पीड़िता को उसके मामा के घर से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़िता अपने परिजनों तक पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी।

परिजन उसे लेकर नेमावर थाने पहुंचे। थाना प्रभारी टीना शुक्ला के मुताबिक, पुलिस को डायल 112 के जरिए घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म सहित पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →