MP BJP Mission 2028: सरकार से जनता और कार्यकर्ता संतुष्ट या नाराज? भाजपा की 230 विधानसभा सीटों पर फीडबैक जुटाने की तैयारी, 25 दिन मैदान में रहेंगे सेवा दूत

MP BJP Mission 2028: सरकार से जनता और कार्यकर्ता संतुष्ट या नाराज? भाजपा की 230 विधानसभा सीटों पर फीडबैक जुटाने की तैयारी, 25 दिन मैदान में रहेंगे सेवा दूत

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में भले ही अभी दो साल का समय बाकी है, लेकिन भाजपा ने चुनावी तैयारियों की शुरुआती कवायद शुरू कर दी है। पार्टी ने प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सेवा दूत तैनात किए हैं। ये सेवा दूत 1 से 25 दिसंबर तक अपनी आवंटित विधानसभा में रहकर सरकार के कामकाज, संगठन की सक्रियता और जनता व कार्यकर्ताओं की नाराजगी या संतुष्टि को लेकर फीडबैक जुटाएंगे। इस अभियान में मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व जिला अध्यक्ष और निगम-मंडल व बोर्ड के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

25 दिनों का कैलेंडर तैयार, विधानसभा नहीं छोड़ सकेंगे सेवा दूत

भाजपा ने इस अभियान के लिए 25 दिनों का विशेष कैलेंडर तैयार किया है। इसमें सेवा दूतों की प्रतिदिन की गतिविधियां और जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

विशेष परिस्थितियों को छोड़कर सेवा दूत अपनी आवंटित विधानसभा नहीं छोड़ सकेंगे। उन्हें क्षेत्र में रहकर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करना होगा।

अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ यह पता लगाना भी है कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक कितना पहुंच रहा है और सरकार व संगठन को लेकर जनता की क्या प्रतिक्रिया है।

तीन प्रमुख बिंदुओं पर जुटाया जाएगा फीडबैक

भाजपा के सेवा दूत विधानसभा क्षेत्रों में मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे।

  • विधानसभा क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां तथा संगठनात्मक गतिविधियों की स्थिति।

  • केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन और लाभार्थियों की संतुष्टि।

  • स्थानीय स्तर पर जनता के बीच सरकार और संगठन को लेकर बन रही धारणा तथा क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं।

अभियान के दौरान सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत कर उनके अनुभव भी संकलित किए जाएंगे। इससे यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि योजनाओं से लोगों के जीवन में कितना बदलाव आया है।

निगम-मंडलों के अध्यक्षों को भी मैदान में उतारा

भाजपा ने इस अभियान में निगम-मंडल और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को भी विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है।

राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के विधायक भगवानदास सबनानी, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और पूर्व सांसद अशोक अर्गल सहित कई वरिष्ठ नेताओं को सेवा दूत बनाया गया है।

कुछ जिला अध्यक्षों को भी अपने जिले के बजाय दूसरे जिलों की विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी दी गई है।

मंडल से लेकर शक्ति केंद्र तक होगी बैठक

सेवा दूतों को पांच मंडलों में जाकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें करनी होंगी। इसके अलावा शक्ति केंद्र स्तर पर भी लोगों से संवाद किया जाएगा।

अभियान में स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और सोशल मीडिया पर सक्रिय कंटेंट क्रिएटर्स को भी जोड़ने की योजना बनाई गई है।

विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी विकसित भारत यात्रा

अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्रों में विकसित भारत यात्रा भी निकाली जाएगी। इस दौरान सेवा दूत क्षेत्र में हुए प्रमुख विकास कार्यों और परियोजनाओं का दौरा करेंगे।

यात्रा में प्रमुख सड़कें, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और जल परियोजनाओं सहित अन्य विकास कार्यों को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर हुए विकास कार्यों को जनता के सामने लाना और उनका रिकॉर्ड तैयार करना है।

सोशल मीडिया पर भी दिखेंगे स्थानीय विकास कार्य

भाजपा इस अभियान में सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल करेगी। स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स और प्रभावशाली व्यक्तियों को विकसित भारत यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

कंटेंट क्रिएटर्स को स्थानीय विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के अनुभवों पर वीडियो और पोस्ट तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इन वीडियो और पोस्ट को पार्टी तथा भाजपा नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया जाएगा।

विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी हकीकत जानने की कवायद

वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा इस अभियान के माध्यम से प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों की जमीनी स्थिति का आकलन करेगी।

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, स्थानीय समस्याओं, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता की प्रतिक्रिया से जुड़ी जानकारी इस अभियान के केंद्र में रहेगी।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →