MP DGP Extension: कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी, तीन IPS अफसर हो सकते हैं दौड़ से बाहर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के पास बड़ा मौका

MP DGP Extension: कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी, तीन IPS अफसर हो सकते हैं दौड़ से बाहर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के पास बड़ा मौका

भोपाल। मध्य प्रदेश में नए पुलिस महानिदेशक (DGP) की नियुक्ति को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है। वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने के लिए राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेजा है। मकवाना 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। यदि केंद्र सरकार सेवा विस्तार के प्रस्ताव को मंजूरी देती है तो वे फरवरी 2027 तक प्रदेश के डीजीपी बने रहेंगे। ऐसे में नए डीजीपी की नियुक्ति के समीकरण भी बदल सकते हैं। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वरुण कपूर समेत तीन अफसर सेवानिवृत्ति की तारीख के चलते डीजीपी बनने की दौड़ से बाहर हो सकते हैं। वहीं, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के पास मध्य प्रदेश की पहली महिला डीजीपी बनने का अवसर रहेगा।

तीन नामों का पैनल बनने के बाद केंद्र को भेजा पत्र

मध्य प्रदेश के नए डीजीपी के चयन को लेकर पिछले दिनों दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की बैठक आयोजित की गई थी।

बैठक में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर विचार-विमर्श के बाद तीन अधिकारियों का पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया था।

इस पैनल में वर्ष 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, वरुण कपूर और उपेंद्र जैन के नाम शामिल हैं।

इसी बीच राज्य सरकार ने वर्तमान डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र भेजा है। हालांकि, सेवा विस्तार को लेकर केंद्र सरकार की मंजूरी का अभी इंतजार है।

फरवरी 2027 तक डीजीपी बने रह सकते हैं कैलाश मकवाना

वर्ष 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी कैलाश मकवाना ने एक दिसंबर 2024 को मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक का पद संभाला था।

उनका कार्यकाल 30 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। यदि केंद्र सरकार तीन महीने के सेवा विस्तार को मंजूरी देती है तो मकवाना 28 फरवरी 2027 तक प्रदेश पुलिस की कमान संभाल सकते हैं।

ऐसी स्थिति में नए डीजीपी की नियुक्ति के लिए राज्य सरकार को नए सिरे से प्रस्ताव तैयार करना पड़ सकता है।

छह महीने की शेष सेवा का नियम बदलेगा समीकरण

यदि एक मार्च 2027 की स्थिति में नए डीजीपी के चयन का प्रस्ताव भेजा जाता है तो यूपीएससी के नियमों के अनुसार संबंधित आईपीएस अधिकारियों की कम से कम छह महीने की सेवा शेष होना जरूरी होगा।

इस लिहाज से जिन अधिकारियों की सेवानिवृत्ति 31 अगस्त 2027 तक होनी है, उनकी दावेदारी प्रभावित हो सकती है।

इस नियम के चलते वर्ष 1991 बैच के वरुण कपूर, वर्ष 1992 बैच के जी. अखिटो सेमा और वर्ष 1994 बैच के राजाबाबू सिंह नए पैनल में शामिल होने की पात्रता खो सकते हैं।

इन तीन आईपीएस अधिकारियों की दावेदारी पर पड़ेगा असर

वरुण कपूर (1991 बैच) - 31 मई 2027 को सेवानिवृत्ति।

जी. अखिटो सेमा (1992 बैच) - 31 जुलाई 2027 को सेवानिवृत्ति।

राजाबाबू सिंह (1994 बैच) - 31 जुलाई 2027 को सेवानिवृत्ति।

तीनों अधिकारियों की सेवानिवृत्ति अगस्त 2027 से पहले होनी है। ऐसे में कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार मिलने और नए सिरे से पैनल तैयार होने की स्थिति में इन अधिकारियों की डीजीपी पद की दावेदारी प्रभावित होगी।

प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के पास पहली महिला डीजीपी बनने का मौका

कैलाश मकवाना को सेवा विस्तार मिलने की स्थिति में वर्ष 1991 बैच की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव की दावेदारी और मजबूत हो सकती है।

वरुण कपूर के दौड़ से बाहर होने पर प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव पात्र अधिकारियों के वरिष्ठता क्रम में सबसे आगे होंगी। यदि सरकार उनके नाम पर मुहर लगाती है तो वे मध्य प्रदेश की पहली महिला पुलिस महानिदेशक होंगी।

फिलहाल प्रदेश के पुलिस और प्रशासनिक महकमे की निगाहें केंद्रीय गृह मंत्रालय के फैसले पर टिकी हैं। केंद्र से सेवा विस्तार को मंजूरी मिलने या नहीं मिलने के बाद ही नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →
MP DGP Extension: कैलाश मकवाना को तीन महीने का सेवा विस्तार देने की तैयारी, तीन IPS अफसर हो सकते हैं दौड़ से बाहर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के पास बड़ा मौका