MP कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन: सेवानिवृत्त मुख्य सचिव मलय श्रीवास्तव बने अध्यक्ष, जानिए कौन-कौन होंगे सदस्य

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन कर दिया है। वित्त विभाग ने 13 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित की। जारी आदेश के अनुसार, सेवानिवृत्त मुख्य सचिव स्तर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मलय श्रीवास्तव को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
आदेश के मुताबिक, आयोग के विचारणीय विषय 12 दिसंबर 2019 को राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार ही रहेंगे। आयोग अपनी सिफारिशें तैयार करते समय केंद्र सरकार और अन्य राज्यों के समकक्ष संवर्गों के वेतनमान, मध्य प्रदेश की आर्थिक स्थिति और उपलब्ध वित्तीय संसाधनों को ध्यान में रखेगा। आयोग का कार्यकाल आगामी आदेश तक निर्धारित किया गया है।
कर्मचारी आयोग में कौन-कौन होंगे शामिल?
पुनर्गठित आयोग में अध्यक्ष के अलावा विभिन्न विभागों और सेवाओं से जुड़े सदस्य शामिल किए गए हैं। सूची इस प्रकार है:
- मलय श्रीवास्तव — अध्यक्ष, सेवानिवृत्त मुख्य सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी
- अरुण कुमार सिंह — सदस्य, न्यायिक सेवा; सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश
- बादाम सिंह — सदस्य, सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक
- संचालक, पेंशन, भविष्य निधि एवं बीमा — सदस्य, अतिरिक्त प्रभार
- सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव द्वारा नामांकित अधिकारी — सदस्य
- वित्त विभाग के सचिव द्वारा नामांकित अधिकारी — सदस्य
- अजय चौबे — सचिव, सेवानिवृत्त अवर सचिव, वित्त विभाग
वेतनमान और वित्तीय स्थिति पर भी रहेगा ध्यान
आयोग अपनी सिफारिशें देते समय केवल अन्य राज्यों और केंद्र सरकार के वेतनमानों की तुलना ही नहीं करेगा, बल्कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति और वित्तीय संसाधनों का भी आकलन करेगा। सरकार के आदेश के अनुसार, आयोग के कामकाज और कार्यकाल को लेकर आगे के निर्देश शासन स्तर से जारी किए जा सकेंगे।





