MP News: मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में लगेगी कृषि प्रदर्शनी, 200 स्टॉल और 165 किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट समेत मिलेंगे पुरस्कार

MP News: मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में लगेगी कृषि प्रदर्शनी, 200 स्टॉल और 165 किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट समेत मिलेंगे पुरस्कार

भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में इस बार खेती-किसानी की समृद्ध विरासत और आधुनिक कृषि तकनीकों की झलक देखने को मिलेगी। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 'समृद्ध खेती-समृद्ध किसान' थीम पर कृषि प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रदेश के 165 किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रिक स्कूटर जैसे पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

प्रदर्शनी में कृषि और उससे जुड़े विभागों के करीब 200 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें उन्नत बीज, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, आधुनिक कृषि यंत्र, स्मार्ट सिंचाई तकनीक, कृषि स्टार्टअप और नए कृषि नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, सूक्ष्म सिंचाई पद्धति और समन्वित फसल प्रणाली का सजीव प्रदर्शन भी देखने को मिलेगा।

2 और 3 नवंबर को किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण

प्रदर्शनी के दौरान 2 और 3 नवंबर को किसान भ्रमण, प्रशिक्षण और कृषि संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें विभिन्न विभागों के मास्टर ट्रेनर और कृषि वैज्ञानिक किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी देंगे।

पशुपालन विभाग की ओर से उन्नत नस्ल के पशुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, उद्यानिकी विभाग के स्टॉल पर फल, फूल, सब्जियों की विभिन्न किस्मों और जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।

किसान बाजार और महिला उद्यमिता मंडप में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और महिला उद्यमियों द्वारा तैयार वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी।

55 किसानों को ट्रैक्टर और 55 को बुलेट मोटरसाइकिल

किसान वर्ष 2026 के तहत प्रदेश में 29 जनवरी से 15 मार्च तक वीर भारत न्यास के सहयोग से राज्यस्तरीय ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था।

प्रतियोगिता की मेरिट सूची के आधार पर लॉटरी के जरिए प्रदेश के 55 जिलों से कुल 165 विजेताओं का चयन किया गया है। प्रत्येक जिले से तीन किसानों को पुरस्कार के लिए चुना गया है।

पुरस्कार वितरण के तहत 55 किसानों को ट्रैक्टर, 55 को बुलेट मोटरसाइकिल और 55 को इलेक्ट्रिक स्कूटर प्रदान किए जाएंगे। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजेताओं को सम्मानित करेंगे, जबकि अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री पुरस्कार वितरित करेंगे।

देशज व्यंजनों और श्रीअन्न से बने पकवानों का मिलेगा स्वाद

प्रदर्शनी स्थल पर 'स्वाद देशज व्यंजन मेला' भी आयोजित किया जाएगा। इसमें मध्यप्रदेश के अलग-अलग अंचलों के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय खानपान की विशेषताएं देखने को मिलेंगी।

आगंतुक श्रीअन्न यानी मोटे अनाज से बने पकवानों का स्वाद भी ले सकेंगे। आयोजन के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय उत्पादों और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

कृषि संगोष्ठियों में इन विषयों पर होगी चर्चा

कृषि संगोष्ठियों में मध्यप्रदेश के कृषि विकास, आधुनिक कृषि यंत्रीकरण, नरवाई प्रबंधन, उद्यानिकी विकास, खाद्य प्रसंस्करण, कृषि में सहकारिता और बैंकों की भूमिका जैसे विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे।

इसके अलावा पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्यपालन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा होगी।

उल्लेखनीय है कि किसान वर्ष 2026 के तहत राज्य सरकार ने बलराम कृषि महोत्सव, किसान रथ यात्राओं, कृषि मेलों और संगोष्ठियों के जरिए किसानों तक सरकारी योजनाओं और नई कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →