MP Medical College News: मध्य प्रदेश में अगले दो साल में होंगे 55 मेडिकल कॉलेज, सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, पोलायकलां में निःशुल्क हृदय जांच शिविर का शुभारंभ

MP Medical College News: मध्य प्रदेश में अगले दो साल में होंगे 55 मेडिकल कॉलेज, सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, पोलायकलां में निःशुल्क हृदय जांच शिविर का शुभारंभ

भोपाल। मध्य प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में प्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार होंगे। राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील में राष्ट्रसेवी स्वर्गीय शालिगराम तोमर की पुण्यतिथि पर आयोजित निःशुल्क हृदय जांच शिविर अभियान का मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

शालिगराम तोमर का व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणादायी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समाज कल्याण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक दृष्टिकोण और उत्तरदायित्व के साथ काम करना चाहिए। सच्चाई और अच्छाई को जीवन में उतारने की अद्भुत प्रतिभा स्वर्गीय शालिगराम तोमर के व्यक्तित्व में देखने को मिलती थी।

एक छोटे से स्थान से निकलकर अपनी संगठन क्षमता के माध्यम से युवाओं को समाजसेवा से जोड़ना उनकी विशेषता थी। आपातकाल के कठिन और संघर्षपूर्ण समय में भी उन्होंने लोगों को साहस और संबल देने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शालिगराम तोमर ने गौशाला से लेकर ग्राम विकास तक अनेक प्रकल्पों की शुरुआत की। उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है।

स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने पोलायकलां में आयोजित निःशुल्क हृदय जांच शिविर को स्थानीय स्तर पर की गई सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच के माध्यम से लोगों को अपनी बीमारियों और स्वास्थ्य की स्थिति का समय रहते पता चल सकेगा। इससे आवश्यक सावधानियां बरतने और समय पर उपचार कराने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन शाजापुर और पूर्णिमाश्री सेवा संगठन उज्जैन के संयुक्त प्रयास से इस शिविर का आयोजन किया गया है।

अगले दो साल में होंगे 55 मेडिकल कॉलेज

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में लगातार नए अस्पताल और चिकित्सा महाविद्यालय शुरू किए जा रहे हैं। अगले दो साल में प्रदेश में 55 चिकित्सा महाविद्यालय बनकर तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से प्रदेश के लोगों की इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हुई है। आयुष्मान योजना से भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है।

एयर एम्बुलेंस से लेकर राहवीर योजना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में एयर एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है।

सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए राहवीर योजना संचालित की जा रही है। इसके साथ ही मानव गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों में शव वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।

लाड़ली बहना योजना की निरंतरता सुनिश्चित कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास और खुशहाली के लिए काम कर रही है। किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

प्रदेश में सड़क नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इससे व्यापार-व्यवसाय के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रगति होगी।

उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना की निरंतरता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही सांदीपनि विद्यालयों और चिकित्सा महाविद्यालयों का विस्तार भी जारी है।

स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग का आह्वान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने और प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं से जोड़ने के लिए स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग का आह्वान किया।

पोलायकलां में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, स्थानीय विधायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →