MP Niti Chintan Shivir 2026: भोपाल में दो दिसंबर को होगा नीति चिंतन शिविर, समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 के रोडमैप पर मंथन करेंगे मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी

MP Niti Chintan Shivir 2026: भोपाल में दो दिसंबर को होगा नीति चिंतन शिविर, समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 के रोडमैप पर मंथन करेंगे मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दो दिसंबर को नीति चिंतन शिविर आयोजित करेगी। इसमें प्रदेश के सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और कलेक्टर शामिल होंगे। शिविर में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, नीतिगत चुनौतियों, पिछले तीन वर्षों की उपलब्धियों और आगामी तीन वर्षों की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों को इसकी जानकारी दी। दो सत्रों में आयोजित होने वाले इस शिविर में कुल 16 विषयों पर संबंधित विभागों के अधिकारी प्रस्तुतिकरण देंगे।

दो सत्रों में 16 विषयों पर होगा मंथन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि नीति चिंतन शिविर के पहले सत्र में समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 के दस्तावेज पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें आठ विषयों पर संबंधित नोडल विभागों के अधिकारी प्रस्तुतिकरण देंगे।

दूसरे सत्र में सतत विकास लक्ष्यों और विकास के अन्य संकेतकों की समीक्षा की जाएगी। इस सत्र में भी आठ विषयों पर संबंधित विभाग अपना प्रस्तुतिकरण देंगे।

शिविर में विभागों की उपलब्धियों के साथ विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और भविष्य की प्राथमिकताओं पर भी चर्चा होगी।

एक हजार करोड़ रुपए से विकसित हो रहा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

मुख्यमंत्री ने भोपाल के नाथू बरखेड़ा में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण के लोकार्पण को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि करीब एक हजार करोड़ रुपए की लागत से 140 एकड़ क्षेत्र में इस खेल परिसर को विकसित किया जा रहा है।

परियोजना के दूसरे चरण में इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्विमिंग कॉम्प्लेक्स और खिलाड़ियों के लिए छात्रावास बनाए जा रहे हैं।

वहीं, तीसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और जिम्नास्टिक हॉल का निर्माण प्रस्तावित है।

शीतकालीन सत्र को लेकर मंत्रियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने सात से 11 दिसंबर तक आयोजित होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों को लेकर भी मंत्रियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी मंत्री अपने विभागों से संबंधित तैयारियां समय पर पूरी कर लें। विधानसभा में पूछे जाने वाले विभागीय सवालों के जवाब भी समय पर तैयार रखे जाएं।

स्वामित्व योजना के तहत 26.50 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रियां

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत अब तक 26.50 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कूनो नेशनल पार्क में चार नए चीता शावकों के जन्म पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि नए शावकों के जन्म के साथ देश में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है।

मुख्यमंत्री ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की उपलब्धि का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश ने इस अभियान में शत-प्रतिशत निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →