मध्यप्रदेश: 20,456 निजी स्कूलों को मिलेंगे 502 करोड़ रुपये, RTE के 8.19 लाख बच्चों की फीस होगी प्रतिपूर्ति

भोपाल। मध्यप्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में पढ़ने वाले लाखों बच्चों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए राज्य सरकार 502 करोड़ रुपये जारी करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 अक्टूबर को नरसिंहपुर में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के जरिए शैक्षणिक सत्र 2024-25 की राशि निजी स्कूलों के खातों में अंतरित करेंगे। इससे प्रदेश के 20,456 अशासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले 8.19 लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
आरटीई के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के पात्र बच्चों को निजी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक नि:शुल्क शिक्षा का अधिकार दिया जाता है। इन बच्चों की फीस की प्रतिपूर्ति सरकार संबंधित स्कूलों को करती है, ताकि पात्र विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रह सके।
सरकारी जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2011 से अब तक प्रदेश में 16 लाख 85 हजार से अधिक विद्यार्थियों की फीस प्रतिपूर्ति के लिए करीब 3,600 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। अब 502 करोड़ रुपये की नई राशि से निजी स्कूलों को फीस प्रतिपूर्ति मिलेगी।
45 करोड़ रुपये से बने सांदीपनि विद्यालय का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री मोहन यादव नरसिंहपुर में 45 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण भी करेंगे। विद्यालय में केजी-1 से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
नए भवन में डिजिटल क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, मल्टीपर्पज हॉल और ऑडिटोरियम की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान और परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इन सुविधाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण देना और उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
मेरिट सूची में स्थान बना चुकी हैं विद्यालय की छात्रा
शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा माही साहू ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में स्थान हासिल किया था। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के साथ जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और अभिभावक भी मौजूद रहेंगे।




