MP TET Exam 2026: बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर कड़ी सुरक्षा में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, थानों में रखे जाएंगे प्रश्नपत्र, सिर्फ 33,834 शिक्षकों ने किया आवेदन

MP TET Exam 2026: बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर कड़ी सुरक्षा में होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, थानों में रखे जाएंगे प्रश्नपत्र, सिर्फ 33,834 शिक्षकों ने किया आवेदन

भोपाल। मध्य प्रदेश में 20 दिसंबर को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तर्ज पर सख्त दिशा-निर्देश तैयार किए गए हैं। इस बार परीक्षा के प्रश्नपत्र पुलिस थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे, जबकि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। दूसरी ओर टीईटी की अनिवार्यता को लेकर शिक्षकों का विरोध लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में महज 33 हजार 834 शिक्षकों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है।

त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी टीईटी परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पेपर लीक की आशंका और परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है।

परीक्षा से पहले प्रश्नपत्रों को संबंधित पुलिस थानों की सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जाएगा। परीक्षा के दिन केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर के प्रतिनिधि की संयुक्त निगरानी में प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे।

इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

जल्द जारी होंगे एडमिट कार्ड

20 दिसंबर को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जल्द जारी किए जाएंगे। हालांकि, एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख अभी सामने नहीं आई है।

2028 तक उत्तीर्ण करनी होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रदेश में वर्ष 1998 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा अनिवार्य की गई है। इन शिक्षकों को वर्ष 2028 तक परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी।

प्रदेश में करीब डेढ़ लाख सरकारी शिक्षक इस परीक्षा के दायरे में आ रहे हैं। हालांकि, आवेदन के आंकड़ों को देखते हुए परीक्षा को लेकर शिक्षकों में उत्साह कम नजर आ रहा है।

तीन बार बढ़ाई आवेदन की तारीख, फिर भी कम आवेदन

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा टीईटी के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख तीन बार बढ़ाई गई। इसके बावजूद प्रदेशभर से कुल 33 हजार 834 शिक्षकों ने ही आवेदन किया है।

इनमें करीब 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं। सरकारी शिक्षकों की कुल संख्या के मुकाबले आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या काफी कम है।

27 दिसंबर को दिल्ली में शिक्षकों का बड़ा आंदोलन

शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षक संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्य किए जाने का शिक्षक संगठन विरोध कर रहे हैं।

इसी कड़ी में 27 दिसंबर को देश की राजधानी दिल्ली में शिक्षकों का बड़ा विरोध प्रदर्शन प्रस्तावित है।

एक ओर माध्यमिक शिक्षा मंडल परीक्षा के सफल संचालन की तैयारियों में जुटा है, तो दूसरी ओर शिक्षक संगठन टीईटी की अनिवार्यता के खिलाफ आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →