Gwalior News: ग्वालियर में लिफ्ट में फंसे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, 15 मिनट बाद सुरक्षित निकाले गए

Gwalior News: ग्वालियर में लिफ्ट में फंसे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, 15 मिनट बाद सुरक्षित निकाले गए
मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सोमवार शाम ग्वालियर में एक लिफ्ट में फंस गए। वे जयेंद्रगंज क्षेत्र में इंग्लिश कोचिंग क्लासेस की नई ब्रांच का उद्घाटन करने पहुंचे थे। पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर जाते समय लिफ्ट दूसरे फ्लोर पर तकनीकी खराबी के कारण अटक गई। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने दरवाजा खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
दूसरे फ्लोर पर अटक गई लिफ्ट
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के लश्कर क्षेत्र में जयेंद्रगंज स्थित संजय कॉम्प्लेक्स के सामने वाली बिल्डिंग में ‘ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस’ की नई ब्रांच का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। डॉ. नरोत्तम मिश्रा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे।
वे शाम को कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर स्थित कोचिंग सेंटर तक जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। लिफ्ट ऊपर जाते समय दूसरे फ्लोर पर अचानक झटके के साथ रुक गई। तकनीकी खराबी के कारण अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।
15 मिनट की मशक्कत के बाद निकाला
लिफ्ट के अटकने की जानकारी मिलते ही बिल्डिंग के कर्मचारियों और आयोजकों ने दरवाजा खोलने की कोशिश शुरू की। करीब 10 से 15 मिनट बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और डॉ. मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी, आयोजक और पुलिसकर्मी भी परेशान रहे।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
लिफ्ट से निकलने के बाद किया उद्घाटन
सुरक्षित बाहर आने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कोचिंग संस्थान का रिबन काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए। उन्होंने कोचिंग संस्थान को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर विकल्प बताया।
लिफ्ट में फंसने और फिर बाहर निकाले जाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। हालांकि, लिफ्ट में आई तकनीकी खराबी के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →