Raisen Crime News: औबेदुल्लागंज में 5 हजार रुपए का डीजल भरवाकर बिना पैसे दिए भागे स्कॉर्पियो सवार, गाड़ी पर लिखा था आर्मी, CCTV में कैद हुई घटना

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर धोखाधड़ी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां नायरा पेट्रोल पंप पर काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे चार युवकों ने करीब पांच हजार रुपए का डीजल भरवाया। जब पैसे देने की बारी आई तो चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पंप संचालक की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
काली स्कॉर्पियो पर लिखा था 'आर्मी'
जानकारी के मुताबिक चार युवक काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। स्कॉर्पियो पर 'आर्मी' लिखा हुआ था।
युवकों के कहने पर पेट्रोल पंप कर्मचारी ने गाड़ी में करीब पांच हजार रुपए का डीजल भर दिया। जैसे ही कर्मचारी ने भुगतान के लिए पैसे मांगे, चालक बिना रकम दिए गाड़ी लेकर तेजी से भाग निकला।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई पूरी घटना
पेट्रोल पंप पर हुई यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर स्कॉर्पियो और उसमें सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हालांकि, स्कॉर्पियो पर आर्मी लिखे होने के बावजूद उसमें सवार युवकों का सेना से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पंप संचालक ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद पेट्रोल पंप संचालक ने औबेदुल्लागंज थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार स्कॉर्पियो सवारों की तलाश की जा रही है।





