Shivraj Singh Chouhan: मामा बने दादा, कुणाल-रिद्धि के घर गूंजी किलकारी; शिवराज ने पोते का नाम रखा ‘अहान’

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में खुशियों का नया मौका आया है। उनके छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान और रिद्धि जैन माता-पिता बने हैं। घर में बेटे के जन्म के बाद शिवराज सिंह चौहान और साधना सिंह ने अपने पोते का नाम ‘अहान’ रखा है।
कुणाल सिंह चौहान और रिद्धि जैन की शादी 14 फरवरी 2025 को हुई थी। पोते के जन्म की खुशी शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। उन्होंने लिखा कि उनके जीवन में एक बार फिर सौभाग्य का सूर्योदय हुआ है और बेटे ‘अहान’ के घर आने से परिवार खुशियों से भर गया है।
शिवराज सिंह ने बताया कि कुणाल और रिद्धि माता-पिता बने हैं, जबकि उन्हें और साधना सिंह को एक बार फिर दादा-दादी बनने का सौभाग्य मिला है। उनके बड़े बेटे कार्तिकेय और उनकी पत्नी अमानत अब बड़े पापा-बड़ी मम्मी बन गए हैं। वहीं, परिवार की बेटी इला को भी भाई मिल गया है।
उन्होंने कहा कि ‘अहान’ की नन्ही किलकारी ने पूरे परिवार को आनंद और प्रेम से भर दिया है। शिवराज सिंह ने अपने समधी संदीप जैन और समधन स्वाति जैन को भी नाना-नानी बनने पर शुभकामनाएं दीं।





